News | राष्ट्रीय समाचार

नीट मामला: महाराष्ट्र, केरल से राजस्थान कई स्टेटों तक फैला जाल, नासिक से भी एक की गिरफ्तारी

News Image

2026-05-13 02:15:11

NEET UG 2026: नीट मामले में महाराष्ट्र, उत्तराखंड और राजस्थान तक जाल फैले होने की संभावना। अभी तक जितने भी गिरफ्तार किए गए हैं उनकी गिनती 14 तक पहुँच चुकी है। नासिक से भी एक को गिरफ्तार किए जाने की सूचना मिली है। महाराष्ट्र में ह्वाट्सऐप ग्रुप और कोचिंग सेंटर्स की जाँच की जा रही है। 

      नीट पेपर धांधली मामले में कई बड़े राज्यों तक जाल फैले होने के संदेहात्मक सुराग मिले हैं। SOG राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप द्वारा जाँच की गई तो कई बड़े राज्य केरल, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और राजस्थान के बीच कथित तौर पर आपस में गठजोड़ का मामला सामने आया। उसके बाद से देश में हड़कंप मच गया और मामले ने तूल पकड़ते पकड़ते राष्ट्रीय स्तर पर विकराल रूप ले लिया। अब तक गिरफ्तारियों का आंकड़ा 14 पार कर चुका है और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। 

नासिक से एक को हिरासत में लिया गया 

मंगलवार को एक संदिग्ध को नासिक पुलिस द्वारा हिरासत में लिया। पुलिस उपायुक्त किरणकुमार चौहान ने बयान जारी करते हुए कहा की नीट धांधली मामले में संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा अनुरोध किया गया था। क्राइम ब्रांच यूनिट-2 द्वारा संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। 

राजस्थान नीट पेपर लीक का मुख्य केंद्र: सूत्र 

सूत्रों की मानें तो राजस्थान के सीकर ज़िले को नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में मुख्य केंद्र माना जा रहा है।SOG द्वारा की गई कार्यवाही में झुनझुनू, देहरादून और सीकर समेत कई जगहों के नामों का खुलासा हुआ है। मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और कई तरह के डिजिटल दस्तावेजों की जाँच की जा रही है। जयपुर से गिरफ़्तार व्यक्ति इस पूरे मामले में अहम भूमिका निभा सकता है। 

नीट लीक पेपर मुंह माँगी क़ीमत में बेचे गए 

सूत्रों की मानें तो नीट यूजी का पेपर लीक कर के मुंह माँगी क़ीमत वसूली गई। मनी ट्रेल और डिजिटल नेटवर्क के आधार पर भी जाँच की जा रही है। केंद्र सरकार ने इस पूरे मामले की जाँच सीबीआई को सौंपी। 

दोबारा पेपर कराए जाने की घोषणा 

NTA राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने दोबारा से परीक्षा कराए जाने की घोषणा की है। नई तारीखों का जल्द ही ऐलान किया जाएगा साथ ही नए एडमिट कार्ड के बारे में जानकारी जल्द ही उपलब्ध करा दी जाएगी। एजेंसी का कहना है परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों ने जो भी जानकारी उपलब्ध कराई थी जो डेटा पंजीकृत हुआ था और जो भी परीक्षा केंद्र चुनें गए थे वो दोबारा होने वाली परीक्षा में भी यथावत रहेगी। मतलब ये की परीक्षार्थियों को अब दोबारा से कोई आवेदन नहीं भरना होगा। हालांकि एजेंसीज़ अभी जाँच जार रही हैं आख़िरी फ़ैसला आधिकारिक रिपोर्ट के बाद ही लिया जाएगा। 

बता दें की नीट यूजी 2026 परीक्षा में 22.79 लाख छात्र छात्राएं पर देश से शामिल हुई थी। देश के 551 शहर और विदेश के 14 शहरों में इस परीक्षा का आयोजन किया गया था।